
बिलासपुर : मस्तूरी थाना क्षेत्र में युवकों को चाकू दिखाकर मोबाइल लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया एप्पल कंपनी का आईफोन और वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद किया है। वहीं, घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
चाकू निकालकर मोबाइल छीना
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:40 बजे राजीव कौशिक अपने दोस्त निरंजन कौशिक और राज केंवट के साथ मोटरसाइकिल से गतौरा कोलवाशरी ड्यूटी जा रहे थे। इसी दौरान कर्रा रेलवे अंडरब्रिज के नीचे फरहदा की ओर से स्कूटी सवार दो युवक पहुंचे और उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने स्कूटी की डिक्की से धारदार चाकू निकालकर युवकों को धमकाया और गाली-गलौज करते हुए राज केंवट का आईफोन छीनने लगे। युवकों ने विरोध किया तो आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया और करीब 40 हजार रुपये कीमत का आईफोन लूटकर मौके से फरार हो गए। हमले में राजीव कौशिक, निरंजन कौशिक और राज केंवट को गर्दन और बाएं हाथ में चोटें आई थीं। शिकायत के आधार पर मस्तूरी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने तोरवा थाना क्षेत्र के बुटापारा निवासी राजकुमार ध्रुव (27) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी देवरीडीह निवासी शिवम के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपी राजकुमार ध्रुव को 4 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले का दूसरा आरोपी शिवम अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।