
चेन्नई: चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अबू धाबी के लिए रवाना होने वाली एतिहाद एयरवेज की एक फ्लाइट के विंग में अचानक आग लगने की सूचना मिली। विमान टेकऑफ की तैयारी में था और उसमें करीब 280 यात्री सवार थे। पायलटों ने समय रहते विमान के लेफ्ट विंग से धुआं और आग की लपटें देख लीं, जिसके बाद तुरंत इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए हड़कंप जैसी स्थिति बन गई।
अधिकारियों के मुताबिक, अलर्ट मिलते ही एयरपोर्ट की फायर एंड रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी यात्रियों को तत्काल इमरजेंसी प्रक्रिया के तहत सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई। तकनीकी टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर उड़ान से ठीक पहले विंग में आग लगने की वजह क्या थी।
घटना के बाद संबंधित फ्लाइट को तत्काल रद्द कर दिया गया और यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की गई। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि एयरलाइन और विमानन सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर एयरक्राफ्ट सेफ्टी और प्री-फ्लाइट टेक्निकल चेकिंग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।