रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को आज अपना नया स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिल गया। जस्टिस कृष्ण राम महापात्र ने हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राजधानी स्थित लोकभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें शपथ दिलाई। उनके शपथ ग्रहण के साथ ही हाईकोर्ट के स्थायी मुख्य न्यायाधीश को लेकर चल रहा इंतजार खत्म हो गया।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील समेत शासन और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब जस्टिस महापात्र के पदभार ग्रहण करने के बाद हाईकोर्ट की न्यायिक और प्रशासनिक व्यवस्था का नेतृत्व उनके हाथों में होगा।Many senior people including CM Vishnudev Sai attended the swearing-in ceremony.

न्यायिक और प्रशासनिक व्यवस्था की संभालेंगे कमान
मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जस्टिस कृष्ण राम महापात्र के सामने न्यायिक कार्यों के साथ हाईकोर्ट के प्रशासनिक संचालन की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। उनके पदभार संभालने के साथ न्यायपालिका के कामकाज को लेकर नई प्रशासनिक दिशा तय होने की उम्मीद है। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब हाईकोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे, न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर करने जैसी चुनौतियां लगातार महत्वपूर्ण बनी हुई हैं। अब नए मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल पर न्यायिक जगत के साथ-साथ प्रदेश की भी नजर रहेगी।