
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। दो अज्ञात बदमाश कथित तौर पर घर में घुसे और एक 25 वर्षीय युवती को गोली मारकर फरार हो गए है। गंभीर रूप से घायल युवती को परिजनों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम
यह घटना सक्ती थाना क्षेत्र के जोंगरा गांव की है। जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है। आज दो अज्ञात बदमाश दिनदहाड़े उसके घर पहुंचे और कथित तौर पर गोली मारकर मौके से फरार हो गए है। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो पूर्णिमा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, और हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों को सक्रिय किया गया है। फिलहाल, हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।