
छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएगी। खास बात यह है कि नागरिकों को अपनी जानकारी खुद ऑनलाइन दर्ज करने यानी स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी मिलेगा। इसके लिए 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर परिवारों और सदस्यों से जुड़ी जानकारी जुटाएंगे। सरकार ने इस महत्वपूर्ण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
10 जनवरी से 24 जनवरी तक स्व-गणना का मौका
जनगणना की प्रक्रिया के तहत सबसे पहले नागरिकों को स्व-गणना का अवसर दिया जाएगा। 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक लोग ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार और सदस्यों से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
इस दौरान जिन नागरिकों ने ऑनलाइन स्व-गणना की होगी, उन्हें एक विशेष आईडी उपलब्ध कराई जाएगी। जब प्रगणक उनके घर पहुंचेंगे, तब उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। इसके आधार पर ऑनलाइन दर्ज जानकारी का मिलान और सत्यापन किया जाएगा। वहीं, 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक एकत्रित आंकड़ों का वेरिफिकेशन किया जाएगा।
प्रदेश के सभी 33 जिलों में होगा सर्वे
जनगणना के दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों को शामिल किया गया है। इसके तहत प्रदेश के 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 शहरों में जनगणना का काम किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की तैनाती प्रस्तावित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनगणना कार्य के लिए 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। इस तरह प्रदेशभर में 72 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी जनगणना की जिम्मेदारी संभालेंगे। आंकड़ों के संकलन के लिए करीब 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में लगभग 800 लोगों की जानकारी दर्ज की जाएगी। अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ब्लॉक भी बनाए जाएंगे।
16 भाषाओं में उपलब्ध होगा मोबाइल एप
इस बार जनगणना को आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है। यह एप 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इंटरनेट कनेक्शन नहीं होने पर भी कर्मचारी इसमें जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना का काम करने में सुविधा मिलेगी।
नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा ऑनलाइन पोर्टल के जरिए कर्मचारियों की नियुक्ति, प्रशिक्षण और जनगणना कार्यों की निगरानी भी की जाएगी।
कर्मचारियों को पांच चरणों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
जनगणना का काम सही तरीके से पूरा कराने के लिए कर्मचारियों को पांच स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स और जिला व चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।
अब फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि फील्ड में काम शुरू होने से पहले सभी कर्मचारी पूरी तरह तैयार रहें।
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को दिए निर्देश
मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में मुख्य सचिव विकासशील ने जनगणना की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाएं और पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर रोक से जुड़े निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा। मुख्य सचिव ने जनगणना का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरी शुद्धता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया।
दिसंबर से फरवरी तक चलेगा जागरूकता अभियान
प्रशासन की ओर से दिसंबर के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के साथ बस्तर के हाट-बाजारों में भी लोगों को जनगणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।
नागरिकों को यह भी बताया जाएगा कि जनगणना के दौरान दी गई जानकारी का इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय आंकड़े जुटाने के लिए किया जाएगा। इसका किसी प्रमाण पत्र जारी करने या सरकारी योजनाओं की पात्रता निर्धारित करने से कोई संबंध नहीं होगा। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर जनगणना-2027 की प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।