
राष्ट्रीय जगत विजन के एमडी की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने पकड़ा, मुख्य आरोपी दीपक टंडन पहले से गिरफ्त में...
बिलासपुर। राष्ट्रीय जगत पहल और राष्ट्रीय जगत विजन ग्रुप के प्रबंध संपादक मनी शंकर पांडे के खिलाफ तथ्यहीन और भ्रामक समाचार प्रसारित करने के मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने फरार आरोपी कोमल प्रसाद चौबे को गिरफ्तार किया है। कोमल चौबे वेब पोर्टल द हनी बैजर का कथित संपादक और मुख्य आरोपी दीपक अंबेडकर टंडन का साला है। केस दर्ज होने के बाद से पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही थी।
महाराणा प्रताप नगर निवासी मनी शंकर पांडे ने 29 अक्टूबर को बिलासपुर पुलिस में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप है कि एआई तकनीक से उनकी तस्वीरों में छेड़छाड़ की गई और आपत्तिजनक व भ्रामक शीर्षकों के साथ द हनी बैजर न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। सूत्रों के अनुसार संस्था और प्रबंध संपादक की छवि खराब करने व दबाव बनाने के इरादे से यह खबर चलाई गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिरगिट्टी थाने में अपराध क्रमांक 798/2026 दर्ज हुआ। इसमें दीपक टंडन, कोमल प्रसाद चौबे व अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 की धारा 4 व 5 लगाई गई है।
रायपुर के अपार्टमेंट में दबिश देकर पकड़ा गया था दीपक...
इससे पहले बिलासपुर पुलिस ने गुरुवार रात रायपुर के एक पॉश अपार्टमेंट में दबिश देकर पोर्टल संचालक व कथित होटल व्यवसायी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन (46) को गिरफ्तार किया था। सूत्रों के मुताबिक मौके पर उसने अपने रसूख और पहुंच का हवाला देकर पुलिस को प्रभावित करने की कोशिश की, लेकिन उसकी एक न चली। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए। पुलिस के अनुसार मोबाइल में पोर्टल के डेटा के साथ कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
होटल कब्जे और ठगी के कई मामलों में आरोपी...
हिस्ट्रीशीटर दीपक टंडन पर लंबे समय से उगाही, फर्जीवाड़े और ब्लैकमेलिंग में लिप्त रहने के आरोप हैं। संपत्ति कर बकाया होने पर रायपुर नगर निगम ने 18 अगस्त को वीआईपी रोड स्थित वह होटल सील किया था, जिसे डॉ. सरिता वाजपेयी ने 2021 में दीपक की पत्नी बरखा चौबे उर्फ बरखा टंडन को संचालन के लिए दिया था। 26 अक्टूबर को सील खोलकर होटल मालिक को सौंपा गया, पर आरोप है कि दीपक और बरखा ने दोबारा कब्जा कर लिया। इस मामले में बरखा पहले ही जेल भेजी जा चुकी है।
रायपुर के तेलीबांधा थाने में दीपक के खिलाफ होटल कब्जे व धमकी के अलावा जमीन, कार, नौकरी और कोयला ठेके के नाम पर धोखाधड़ी के पांच केस दर्ज हैं। इनमें जमीन व रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर 36 लाख, फॉर्च्यूनर बेचने पर 20 लाख, एसईसीएल की नौकरी के नाम पर 25 लाख और कोल ट्रांसपोर्टिंग ठेके के लिए 31 लाख रुपये लेने के आरोप हैं। प्रदेश में उसके खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं और आधा दर्जन शिकायतों की पड़ताल चल रही है।
जमानत अर्जी खारिज, अन्य साथियों की छानबीन...
बिलासपुर जिला कोर्ट ने दीपक टंडन की जमानत अर्जी खारिज की थी। बाद में रायपुर पुलिस भी उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर रिमांड में पूछताछ कर चुकी है। अब कोमल चौबे की गिरफ्तारी के बाद सिरगिट्टी पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर छानबीन आगे बढ़ा रही है। भ्रामक प्रचार और उगाही सिंडिकेट में शामिल अन्य संदिग्ध लोगों के सुराग जुटाकर उनका ब्योरा खंगाला जा रहा है।