
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पुरानी पारिवारिक रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने अपनी ही ममेरी बहन की पत्थर से कूचकर निर्मम हत्या कर दी। मृतका का शव जंगल के एक गड्ढे से खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ममेरे भाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
जानिए पूरा मामला
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुड़कमपाट (चंचलचुवों) गांव की है। यहाँ रहने वाली 46 वर्षीय महिला पलंगी नगेशिया का शव भीतरकोना जंगल में पेड़ों के झुरमुट के नीचे एक गड्ढे में संदिग्ध अवस्था में मिला था। मृतिका के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे साफ जाहिर होता था कि उसकी हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई।
बच्चों के विवाद से शुरू हुई थी रंजिश
पुलिस की शुरुआती जांच और विवेचना में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस वीभत्स हत्याकांड को किसी और ने नहीं, बल्कि मृतिका के ममेरे भाई मदन नगेशिया (उम्र 47 वर्ष) नहीं अंजाम दिया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि करीब दो से तीन महीने पहले आरोपी मदन नगेशिया के छोटे बेटे और मृतिका पलंगी नगेशिया की नातिन के बीच बच्चों के खेल-कूद को लेकर कुछ विवाद हुआ था। इस मामूली बच्चों के झगड़े के दौरान पलंगी और मदन के बीच भी तीखी नोकझोंक हुई थी, जिसमें जमकर गाली-गलौज भी हुई थी। इसी बात की खुन्नस और नाराजगी आरोपी मदन के मन में लंबे समय से घर कर गई थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
गोवर्धन पूजा के दिन दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मदन नगेशिया ने हत्या की इस साजिश को गोवर्धन पूजा के दिन अंजाम दिया। गोवर्धन पूजा के अवसर पर आरोपी ने जमकर 'हंडिया' (स्थानीय पेय पदार्थ) का सेवन किया था। नशे की हालत में वह रात के वक्त पलंगी नगेशिया को किसी बहाने से भीतरकोना जंगल की ओर ले गया।
जंगल के सुनसान इलाके में पहुंचने के बाद आरोपी ने पास पड़े एक भारी पत्थर से पलंगी के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी सबूत छिपाने की नीयत से शव को जंगल में पेड़ों के झुरमुट के नीचे एक गड्ढे में छोड़कर फरार हो गया था।
वैज्ञानिक साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलने के बाद चांदो थाना पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मृतका के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक अधिकारियों (Forensic Team) की मदद ली गई और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने आसपास के लोगों और गवाहों के बयान दर्ज किए। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कड़ियां जुड़ती गईं और पुलिस ने मुख्य आरोपी मदन नगेशिया को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत न्यायालय में पेश कर दिया है, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में चांदो थाना की पुलिस टीम की भूमिका बेहद सराहनीय रही। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नेताम, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, आरक्षक संदीप और महिला आरक्षक मित्रविंदा ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए मामले का खुलासा किया।