
रायपुर | महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी केस में जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। सट्टेबाजी सिंडिकेट को बचाने और उनसे आर्थिक लाभ लेने वालों की मुश्किलें अब लगातार बढ़ती जा रही हैं। सीबीआई ने इस मामले में राज्य के चार अधिकारियों को फिर से नोटिस भेजा है। पूछताछ के लिए इन सभी को सीधे दिल्ली बुलाया गया है। जांच की यह आंच सिर्फ राज्य के अफसरों तक ही नहीं रुकी है। राज्य के बाहर बैठे कई कारोबारियों को भी सीबीआई ने नोटिस थमा दिया है।
गुरुवार को कोर्ट में पेश होगा सौरभ इस मामले में पकड़े गए सौरभ चंद्राकर की रिमांड गुरुवार को खत्म हो रही है। रिमांड खत्म होने पर उसे वापस रायपुर लाया जाएगा। यहां उसे सीबीआई की विशेष अदालत के सामने पेश किया जाएगा। पिछली बार अदालत ने पूछताछ के लिए सीबीआई को आठ दिन की रिमांड दी थी। इस बार जांच एजेंसी अपना काम पूरा करने के लिए अदालत से पांच दिन की और रिमांड मांग सकती है।
ईडी भी गिरफ्तारी की लाइन में दूसरी ओर, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी अपनी पूरी तैयारी में है। मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी सौरभ की गिरफ्तारी करके उसे रिमांड पर लेने वाली है। इसके लिए ईडी की ओर से अदालत में जल्द ही गिरफ्तारी की अर्जी लगाई जाएगी।
सरकारी तंत्र में प्रोटेक्शन मनी का खेल....
सीबीआई की पूछताछ पूरी तरह से सट्टेबाजी सिंडिकेट और कथित तौर पर प्रोटेक्शन मनी लेने वाले अधिकारियों के संबंध पर टिकी है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सट्टा कारोबार को सरकारी तंत्र से किस तरह संरक्षण मिल रहा था। आखिर इसमें कौन-कौन से अधिकारी, कारोबारी और नेता शामिल थे? अवैध पैसों का लेन-देन कैसे होता था? अधिकारियों से लेकर बड़े नेताओं तक रकम किस रास्ते से और कैसे पहुंचाई जाती थी? पूछताछ के दौरान जैसे-जैसे अधिकारियों, कारोबारियों और नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, सीबीआई बिना देरी किए उन्हें सीधा दिल्ली बुला रही है।
गिरफ्तारी पर आपत्ति
इधर, सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को लेकर उसके वकील अदालत में लगातार अपनी आपत्ति जता रहे हैं। वकीलों की इस बहस के जवाब में सीबीआई ने सीधे ओमान की अदालत के दस्तावेज पेश कर दिए हैं। इन दस्तावेजों में सीबीआई के दो और ईडी के एक केस का जिक्र किया गया है। इन्हीं मामलों में प्रत्यर्पण के तहत सौरभ चंद्राकर के खिलाफ कार्रवाई की पूरी अनुमति दी गई है। सीबीआई अपने दो मामलों में उससे लगातार पूछताछ कर रही है। ये मामले मुख्य रूप से साजिश, भ्रष्टाचार और जुआ अधिनियम से जुड़े हुए हैं।
रवि उप्पल को लाने 400 पन्नों की रिपोर्ट तैयार
इस केस का एक और आरोपी रवि उप्पल दुबई में पकड़ा गया था। उसे भारत लाने के लिए ईडी ने 400 पन्नों का दस्तावेज तैयार किया है। यह भारी-भरकम दस्तावेज अंग्रेजी और अरबी, दो भाषाओं में बनाया गया है। रवि के प्रत्यर्पण के लिए ये पूरे दस्तावेज केंद्र सरकार की नोडल एजेंसी को भेज दिए गए हैं। यही नोडल एजेंसी आगे चलकर प्रत्यर्पण की सारी प्रक्रिया पूरी कराती है। इसके साथ-साथ, सीबीआई ने भी अपने केस से जुड़े जरूरी दस्तावेज तैयार कराकर अदालत की अनुमति से नोडल एजेंसी को भेज दिए हैं।