हरिद्वार/पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हो गया। 91 वर्षीय सावित्री देवी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे छोटे भाई महेंद्र मोहन बिष्ट ने मुखाग्नि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संन्यासी परंपरा का पालन करते हुए मां की चिता की परिक्रमा की और हाथ जोड़कर उन्हें अंतिम प्रणाम किया। मां को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री बेहद भावुक नजर आए।

छोटे भाई ने दी मुखाग्नि, नम आंखों से मां को दी अंतिम विदाई

माता सावित्री देवी की अंतिम यात्रा उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से शुरू हुई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पार्थिव शरीर के साथ हरिद्वार पहुंचे। इससे पहले उन्होंने पंचूर स्थित आवास पर मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और अर्थी को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।

हरिद्वार के चंडी घाट पर भी मुख्यमंत्री ने मां की अर्थी को कंधा दिया। अंतिम संस्कार के दौरान जब छोटे भाई महेंद्र मोहन बिष्ट ने मुखाग्नि दी तो योगी आदित्यनाथ चिता के सामने हाथ जोड़कर खड़े रहे। उन्होंने चिता की परिक्रमा कर मां को नमन किया। इस भावुक दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।

सीएम धामी समेत 50 से अधिक वीआईपी रहे मौजूद

सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक सहित 50 से अधिक वीआईपी शामिल हुए।

यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, संजय निषाद, राज्यसभा सांसद धर्मपाल सिंह, पूर्व मंत्री सुरेश राणा और अशोक कटारिया भी हरिद्वार पहुंचे। इनके अलावा दिनेश प्रताप सिंह, सतीश शर्मा और अपर्णा यादव बिष्ट समेत कई नेताओं ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रशासनिक स्तर पर उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

बाबा रामदेव और स्वामी चिदानंद ने दी श्रद्धांजलि

संत समाज की ओर से योग गुरु बाबा रामदेव और परमार्थ निकेतन के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती भी चंडी घाट पहुंचे। स्वामी चिदानंद ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि माता सावित्री देवी ने ऐसी साधना की, जिससे देश और सनातन परंपरा को एक नया भगीरथ मिला। उन्होंने कहा कि ऐसी माताएं कभी नहीं मरतीं, वे अपने संस्कारों और कर्मों के जरिए हमेशा जीवित रहती हैं।

मां के निधन की खबर सुनकर भावुक हो गए थे योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे माता सावित्री देवी के निधन की सूचना मिली थी। उस समय वह गोरखपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनके सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उन्हें यह दुखद समाचार दिया।

सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री उत्तराखंड पहुंचे। मां के पार्थिव शरीर को देखकर वह भावुक हो गए और काफी देर तक उनके पास बैठे रहे। उन्होंने परिजनों और देखभाल करने वालों से मां के अंतिम समय के बारे में जानकारी भी ली।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मां के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए महाभारत का एक प्रसिद्ध श्लोक साझा किया। श्लोक में मां को दुनिया की सबसे बड़ी छाया, आश्रय, सुरक्षा और जीवनदाता बताया गया है।

अंतिम संस्कार के बाद लखनऊ लौटेंगे मुख्यमंत्री

गौरतलब है कि वर्ष 2020 में पिता के निधन के समय कोरोना महामारी और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। इस बार मां को अंतिम विदाई देने के लिए वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और अंतिम संस्कार की सभी रस्मों में मौजूद रहे।

चंडी घाट पर अंत्येष्टि की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ लौटने का कार्यक्रम निर्धारित था। लखनऊ पहुंचकर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्धारित कार्यक्रम में भी शामिल होना था।