
बोगोटा। कोलंबिया में सोमवार को आए भीषण भूकंप ने कई इलाकों में तबाही मचा दी। पश्चिमी कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद अब तक 132 लोगों की मौत और 570 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कई इलाकों में इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है और राहत-बचाव अभियान जारी है। भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। कई शहरों में लोग घरों और इमारतों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर भागे। राजधानी बोगोटा समेत देश के कई हिस्सों में कंपन महसूस की गई, जबकि पड़ोसी इक्वाडोर में भी झटके महसूस किए गए।
धरती कांपी और देखते ही देखते ढहने लगी इमारतें
भूकंप का असर पश्चिमी और मध्य कोलंबिया के कई इलाकों में दिखाई दिया। रिपोर्टों के मुताबिक कई शहरों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है और कुछ स्थानों पर लोग मलबे में फंस गए। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव दलों को सक्रिय किया है। संभावित आफ्टरशॉक्स को देखते हुए लोगों से क्षतिग्रस्त इमारतों में वापस नहीं जाने की अपील की गई है।
वायरल वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर
भूकंप के दौरान रिकॉर्ड किए गए कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। एक वीडियो में तेज झटकों के बीच एक चर्च की इमारत हिलती दिखाई देती है। कुछ ही क्षण बाद इमारत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर जाता है और आसपास धूल का गुबार फैल जाता है। वीडियो में मौजूद लोग भीषण कंपन के बीच खुद को संभालने की कोशिश करते नजर आते हैं। ऐसे दृश्य भूकंप की भयावहता को साफ दिखाते हैं।