
अमरावती। आंध्र प्रदेश के वाईएसआर कडप्पा जिले में कोविड-19 के नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। पिछले कुछ सप्ताह में जिले में आठ सक्रिय मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि संक्रमण से जुड़े दो मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। इसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी, सैंपल जांच और संक्रमण नियंत्रण के उपाय तेज कर दिए हैं।
दो मरीजों की मौत के बाद बढ़ाई गई निगरानी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राजमपेट क्षेत्र के 52 वर्षीय एक व्यक्ति को बुखार और खांसी की शिकायत के बाद कोविड-19 संक्रमित पाया गया था। इलाज के लिए उन्हें वेल्लोर के क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी तरह कडप्पा के 43 वर्षीय एक अन्य व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर जांच की गई, जिसमें वह भी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
मेडिकल छात्र समेत कई मरीज होम आइसोलेशन में
जिले में एक 25 वर्षीय मेडिकल छात्र सहित अन्य संक्रमित मरीजों का इलाज जारी है। जिन मरीजों में गंभीर लक्षण नहीं हैं, उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में होम आइसोलेशन में रखा गया है, जबकि जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भर्ती करने की व्यवस्था भी की गई है।
जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए सैंपल
स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में संपर्क में आए लोगों की पहचान कर सैंपलिंग अभियान शुरू किया है। अब तक करीब 40 लोगों के नमूने लिए गए हैं, जिनमें कई की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि शेष रिपोर्ट का इंतजार है। संक्रमण के प्रकार और उसके स्वरूप की पहचान के लिए नमूनों को जीनोम सीक्वेंसिंग हेतु पुणे स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है।
पूरे राज्य में अलर्ट, अस्पतालों को निर्देश
जिला प्रभारी मंत्री सविता ने अधिकारियों को कोविड संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने भी सभी जिलों को निगरानी बढ़ाने, टेस्टिंग व्यवस्था मजबूत करने और अस्पतालों में आइसोलेशन बेड, दवाओं तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं को तैयार रखने के निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घबराने की बजाय सतर्क रहें। बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं, स्वच्छता का पालन करें और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकता पड़ने पर मास्क का उपयोग करें।