होटल पर कब्जा, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का बड़ा मामला

रायपुर। डीएसपी कल्पना वर्मा पर लव ट्रैप में फंसाकर आर्थिक शोषण का आरोप लगाकर सुर्खियों में आए होटल कारोबारी दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। तेलीबांधा थाने में 24 घंटे के भीतर इस दंपती के खिलाफ 3 नई एफआईआर दर्ज की गई हैं। आरोप है कि दीपक ने निगम द्वारा सील किए गए वीआईपी रोड स्थित होटल पर अवैध रूप से कब्जा करने के साथ-साथ दूसरों की संपत्ति और गाड़ी को अपना बताकर करीब 1.16 करोड़ रुपए का सौदा किया। दो कारोबारियों से 56 लाख रुपए से अधिक की वसूली की गई और पैसे मांगने पर गुर्गों से पिटाई और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। फिलहाल वरिष्ठ पत्रकार मनी शंकर पाण्डेय की तस्वीरों में AI तकनीक से छेड़छाड़ के मामले में बिलासपुर पुलिस की गिरफ्त में आए दीपक टंडन को रायपुर पुलिस अब प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है।

 

एफआईआर 1: 

निगम ने सील खोलकर असल मालकिन को सौंपा, दीपक ने कर लिया कब्जा

 

पहली एफआईआर आर्ट ऑफ लिविंग की राज्य प्रमुख और बिल्डर संजय बाजपेयी की पत्नी डॉ. सरिता बाजपेयी ने दर्ज कराई है। डॉ. सरिता ने 2021 में अपना 'साधना मंडप' हॉल बरखा टंडन को दिया था। डेडलाइन खत्म होने के बाद भी करीब डेढ़ साल से किराया नहीं चुकाया गया, जिससे 10 लाख रुपए बकाया हो गए। प्रॉपर्टी टैक्स जमा न होने पर नगर निगम ने 18 अगस्त को यह होटल सील कर दिया था। 26 अक्टूबर को निगम ने सील खोलकर संपत्ति डॉ. सरिता को सौंप दी, लेकिन बाद में दीपक और बरखा ने उस पर जबरन कब्जा कर लिया..

 

एफआईआर 2

जिसका मालिक नहीं, उसी 16,500 वर्गफीट जमीन का कर दिया सौदा

दूसरी एफआईआर कारोबारी आशीष जायसवाल ने मंगलवार रात दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि दीपक और बरखा ने वीआईपी रोड स्थित 'एटमास्फिरिया' रेस्टोरेंट और उससे जुड़ी 16,500 वर्गफीट जमीन को 1.16 करोड़ रुपए में बेचने का सौदा किया था। इसके एवज में जायसवाल से किश्तों में टंडन दंपत्ति ने 36 लाख रुपए से अधिक की रकम वसूली । बाद में जब दस्तावेज की जांच में पता चला कि वह जमीन दीपक के नाम पर है ही नहीं। रकम वापस मांगने पर दीपक जान से मारने और एट्रोसिटी (एससी-एसटी) एक्ट के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने लगा।

 

एफआईआर 3

फॉर्च्यूनर का मालिक बनकर 20 लाख ऐंठे

कारोबारी आशीष जायसवाल के साथ धोखाधड़ी का यह इकलौता मामला नहीं है। मंगलवार रात दी गई एक और शिकायत में जायसवाल ने आरोप लगाया कि दीपक ने 19 अगस्त को एक फॉर्च्यूनर लीजेंडर कार दिखाकर खुद को उसका मालिक बताया था। 20 लाख रुपए में सौदा तय हुआ और पैसे भी ले लिए गए। बाद में खुलासा हुआ कि कार दीपक के नाम पर नहीं है। जब आशीष ने रकम और गाड़ी वापस मांगी, तो दीपक ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

तीन मोबाइलों में छिपे हैं सिंडिकेट के राज, कई अधिकारियों तक की चैट

 

दीपक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके तीन मोबाइल फोन और होटल के सीसीटीवी फुटेज जब्त किए हैं। सूत्रों के मुताबिक, मोबाइल की जांच में कई रसूखदार नेताओं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों, कारोबारियों और कुछ उगाहीबाज मीडिया कर्मियों से जुड़े लोगों के आपत्तिजनक वीडियो और चैट मिले हैं। बताया जा रहा है कि दीपक पार्टियों के नाम पर इन लोगों को होटल बुलाता था और राज्य के बाहर भी ले जाता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान खुफिया कैमरों से गतिविधियां रिकॉर्ड की जाती थीं, जिनका इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग के लिए होता था। राजधानी में चर्चा तेज है कि क्या यह किसी नए 'सीडी कांड' की तैयारी थी?

 रसूख का खेल: सीएम हाउस के नाम फर्जी IAS बनकर वसूली 

पूर्ववर्ती सरकार के दौरान दीपक टंडन के रसूख का ऐसा जलवा था कि वह सीएम हाउस का नाम दिखाकर तगड़ी वसूली करता था। आरोप है कि फर्जी आईएएस और कोल माइंस एमडी बनकर वह लोगों से मिलता था और 'वेलकम श्री होटल' से अपना पूरा काला साम्राज्य चला रहा था। होटल में बिना अनुमति अवैध स्पा सेंटर संचालित होता था, जहां रसूखदारों को मुफ्त सेवाएं दी जाती थीं। 

ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर वसूली का आरोप...

दीपक अंबेडकर टंडन पर ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर भी उगाही के आरोप है दीपक एएसपी, डीएसपी और टीआई स्तर के कुछ अधिकारियों से लेन-देन कर चुका हैं। वह फोन पर होने वाली हर बातचीत को रिकॉर्ड करके रखता था।

डीएसपी कल्पना वर्मा कनेक्शन: 2 करोड़ का दावा ...

यह पूरा मामला तब सामने आया जब दीपक ने दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा पर लव ट्रैप का आरोप लगाया। दीपक का दावा था कि उसने डीएसपी को करीब 2 करोड़ रुपए नकद, 19 लाख रुपए के गहने और एक इनोवा क्रिस्टा कार दी है। 

इन्हीं मामलों में विवाद के चलते DSP कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया गया था और विभागीय जांच जारी है। वहीं इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आने के बाद अब कल्पना वर्मा को विभागीय राहत मिलने की उम्मीद जगी है। 

 

कोरबा का फोटो फ्रेम वाला कैसे बना महा ठग 

होटल कारोबारी दीपक टंडन का शुरुआती जीवन कोरबा में बीता। वहां वह महज एक फोटो फ्रेमिंग की दुकान चलाता था। 2012 के आसपास वह कोरबा छोड़कर रायपुर आ गया। यहां प्राइवेट नौकरी शुरू की और फिर अचानक होटल मालिक बन गया। साल 2020 में कोरबा के दीपका थाने में भी उसके खिलाफ कोयला सप्लाई के नाम पर 28 लाख रुपए की धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था। एसईसीएल कॉलोनी निवासी कोल कारोबारी महेंद्र सिंह की शिकायत पर चेक बाउंस मामले में कटघोरा न्यायालय से दीपक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुका है।

दीपक रिमांड पर अब दीपक के साले कोमल की तलाश कर रही पुलिस 

बिलासपुर पुलिस ने रायपुर में कई जगहों पर दबिश देकर मुख्य आरोपी दीपक को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। वहीं, इस पूरे सिंडिकेट में शामिल उसके साले कोमल चौबे की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। वहीं सिंडिकेट में शामिल मास्टरमाइंड अफसर और तथाकथित पत्रकारो को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है...