कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती यात्री बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बस में सवार यात्रियों के बीच उस समय अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई, जब बस के गियर बॉक्स से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते पूरा केबिन धुएं से भर गया। धुएं का गुबार देखकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ और समय रहते उठाए गए कदमों की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।