नई दिल्ली। राजधानी नई दिल्ली में एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। संगम विहार इलाके में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने छापेमारी कर अवैध गैस रैकेट का भंडाफोड़ किया और मौके से 183 एलपीजी सिलिंडर बरामद किए।

बरामद सिलिंडरों में 154 भरे हुए और 29 खाली सिलिंडर शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों शेर सिंह, सूरज परिहार, रघु राज सिंह और जितेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि ये सभी एक अधिकृत गैस एजेंसी के रजिस्टर्ड डिलीवरी बॉय हैं और डिलीवरी की आड़ में अवैध स्टोरेज और रीफिलिंग का काम कर रहे थे।lpgRacketBusted-1774422387409

पुलिस के अनुसार आरोपी एजेंसी से सिलिंडर उठाने के बाद उन्हें ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय किराए के गोदामों में जमा कर लेते थे, जहां से अवैध तरीके से गैस की सप्लाई की जाती थी। इस पूरे नेटवर्क के जरिए सरकारी सब्सिडी वाले सिलिंडरों की कालाबाजारी कर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा था।

मामले में दिल्ली पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस इस रैकेट के अन्य सदस्यों और संभावित बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। यह कार्रवाई न केवल गैस कालाबाजारी पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है, बल्कि उपभोक्ताओं को होने वाली संभावित हानि और सुरक्षा जोखिमों को भी रोकने की दिशा में अहम कदम है।