धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेंड्रा में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से करीब ढाई घंटे तक समझाइश और रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम भेंड्रा निवासी यादराम साहू शाम के समय गांव के समीप स्थित हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया था। युवक को ऊंचाई पर देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना तत्काल भखारा थाना पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने संयम और सतर्कता के साथ युवक से लगातार बातचीत की। करीब ढाई घंटे तक समझाइश और प्रयासों के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद पुलिस उसे आवश्यक पूछताछ और आगे की प्रक्रिया के लिए थाने ले गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में था। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि वह इससे पहले भी इसी तरह टावर पर चढ़ चुका है। घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है और लोग ऐसे मामलों में समय रहते परामर्श एवं सहयोग की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं।

ग्राम पंचायत के सरपंच हीरेन्द्र मंडावी ने बताया कि युवक शाम करीब 5 बजे टावर पर चढ़ा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि युवक पूरी तरह सुरक्षित है और मामले में नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।