नई दिल्ली: केंद्रीय अफ्रीका में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस के खतरे को देखते हुए Indira Gandhi International Airport प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नई स्वास्थ्य एडवाइजरी लागू की है, जिसके तहत कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान से आने या वहां से ट्रांजिट करने वाले यात्रियों की विशेष स्क्रीनिंग की जाएगी। स्वास्थ्य एजेंसियों ने एयरपोर्ट स्टाफ और मेडिकल यूनिट्स को भी अतिरिक्त सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी संभावित संक्रमण को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके।

जारी गाइडलाइन के मुताबिक यदि किसी यात्री में बुखार, कमजोरी, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी, दस्त, गले में खराश या असामान्य ब्लीडिंग जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो उसे तुरंत एयरपोर्ट हेल्थ डेस्क को सूचित करना होगा। अधिकारियों ने यह भी साफ किया है कि यदि कोई व्यक्ति इबोला संक्रमित मरीज या उसके शरीर के तरल पदार्थों के संपर्क में आया हो, तो उसे इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी करने से पहले इसकी जानकारी देना अनिवार्य होगा। एयरपोर्ट पर मेडिकल सर्विलांस टीमों की निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध यात्रियों के लिए अलग प्रोटोकॉल तैयार किया गया है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल भारत में घबराने जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय यात्रा को देखते हुए सतर्कता बेहद जरूरी है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा के बाद 21 दिनों तक अपने स्वास्थ्य पर नजर रखें और किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क कर अपनी ट्रैवल हिस्ट्री साझा करें। केंद्र सरकार और स्वास्थ्य एजेंसियां लगातार वैश्विक स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।