
दुर्ग। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध गोदाम पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में गुटखा और उससे जुड़ी निर्माण सामग्री बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम को डिटर्जेंट पाउडर निर्माण के नाम पर किराए पर लिया गया था, लेकिन अंदर अवैध रूप से जर्दा युक्त गुटखा तैयार करने और उसकी पैकेजिंग का काम चल रहा था।
जानकारी के अनुसार कचांदुर गांव स्थित यह गोदाम सुपेला निवासी एक व्यक्ति का है। करीब 20 दिन पहले उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी एक युवक ने इसे किराए पर लिया था और डिटर्जेंट बनाने का व्यवसाय शुरू करने की बात कही थी। कुछ दिनों बाद जब किराएदार से संपर्क नहीं हो पाया और उसका मोबाइल लगातार बंद मिला, तब गोदाम मालिक को संदेह हुआ। इसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गोदाम की जांच की। तलाशी के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में तैयार गुटखा, मीठी सुपारी, कच्चा माल तथा पैकिंग और मिक्सिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद हुईं। गोदाम के भीतर मिले सामान को देखकर अधिकारियों को अवैध उत्पादन की आशंका हुई, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला अवैध गुटखा निर्माण और पैकेजिंग से जुड़ा पाया गया है। जब्त सामग्री को आगे की जांच के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है। वहीं गोदाम किराए पर लेने वाले व्यक्ति और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।