दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गैस एजेंसी में बाउंसरों की तैनाती अब विवाद का कारण बन गई है। भिलाई के खुर्सीपार इलाके स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में सिलेंडर लेने पहुंचे एक ग्राहक के साथ बाउंसरों द्वारा कथित मारपीट का वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे मामले को तूल दे दिया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी संचालक ने बाउंसर तैनात किए थे, लेकिन व्यवस्था संभालने के बजाय स्थिति बिगड़ गई। लाइन में लगे एक युवक और बाउंसर के बीच मामूली विवाद हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बाउंसरों ने युवक के साथ धक्का-मुक्की की, कपड़े फाड़ दिए और उसे खींचते हुए मारपीट की।

comp-175_1774509649

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मौके पर मौजूद अन्य ग्राहकों ने भी नाराजगी जताई। कुछ लोगों के साथ भी कथित रूप से धक्का-मुक्की की गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, गैस एजेंसी प्रबंधन इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है और मीडिया से दूरी बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।comp-176_1774509636

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एजेंसी में लंबे समय से अव्यवस्था बनी हुई है और ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार आम बात हो गई है। सिलेंडर के लिए घंटों लाइन में लगने के बाद भी लोगों को सम्मानजनक व्यवहार नहीं मिलता। अब इस घटना के बाद प्रशासन से एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और व्यवस्था सुधारने की मांग तेज हो गई है।