दुर्ग। दुर्ग शहर में एक सराफा कारोबारी पर चाकू से हमले के मामले में पुलिस ने नाबालिग को पकड़ा है। घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में करीब दो साल पुरानी एक घटना से जुड़ी कथित नाराजगी हमले की वजह के तौर पर सामने आई है। हमले में कारोबारी के चेहरे और हाथ पर चोटें आई हैं। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजने का आदेश दिया गया।image-2026-09-26T130219.685-1024x579.jpg

दुकान पर चांदी की चेन लेकर पहुंचा था किशोर
पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान चेहरे पर मास्क लगाए एक युवक चांदी की चेन लेकर सराफा कारोबारी की दुकान पर पहुंचा था। उसने चेन गिरवी रखने की बात कही। दुकान संचालक ने चेन गिरवी रखने से इनकार कर उसे किसी दूसरी दुकान पर जाने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद युवक ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया और कारोबारी पर हमला कर दिया। हमले में कारोबारी के चेहरे और हाथ पर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से निकल गया।

image-2026-09-26T130316.915-1024x575.jpgCCTV फुटेज से पुलिस तक पहुंची आरोपी की पहचान
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जांच का अहम हिस्सा बनी। सीएसपी हर्षित मेहर के मुताबिक, फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को पकड़ लिया। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

durg-chakubaji-1024x576.jpgकरीब दो साल पुरानी घटना का जिक्र
पुलिस की पूछताछ में आरोपी के 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, उसने करीब दो साल पहले कारोबारी की दुकान पर हुई एक घटना का जिक्र किया। बताया गया कि उस समय किशोर चांदी की एक चेन खरीदने दुकान पर पहुंचा था। चेन की कीमत 450 रुपये थी, जबकि उसके पास 350 रुपये थे। उसने कारोबारी से कीमत कम करने का अनुरोध किया था। पुलिस के मुताबिक, किशोर ने पूछताछ में बताया कि इसी दौरान कारोबारी की एक टिप्पणी से उसे अपमानित महसूस हुआ था। पुलिस का कहना है कि उसी घटना के बाद से उसके मन में कारोबारी को लेकर रंजिश बनी हुई थी। हालांकि, हमले की वजह के संबंध में सामने आई यह जानकारी पुलिस की पूछताछ पर आधारित है।