
लोरमी। मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन बाज' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की अवैध खेती का खुलासा किया है। ग्राम अमोरा में एक बुजुर्ग किसान की सब्जी बाड़ी से गांजे के पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
सब्जियों के बीच छिपाकर उगाए गए गांजे के पौधे
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमोरा निवासी 60 वर्षीय भैयालाल धुरी अपनी सब्जी बाड़ी में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान सब्जियों के बीच लगाए गए तीन हरे गांजे के पौधे बरामद हुए। जब्त पौधों का कुल वजन 3.650 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, भेजा गया जेल
बरामद गांजा पौधों को जब्त कर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ए) के तहत अपराध दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
'ऑपरेशन बाज' के तहत जारी है सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन बाज' अभियान के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।