
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान सड़क पर रास्ता देने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। दरिमा थाना प्रभारी और प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उनकी निजी कार में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है।
जुलूस के कारण सड़क पर लगा था जाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है। प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे अपनी निजी कार से दरिमा थाना से अंबिकापुर की ओर लौट रहे थे। कंठी और जगदीशपुर के बीच सड़क पर गणेश विसर्जन के लिए डीजे के साथ जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस के चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। बताया गया कि डीएसपी ने जुलूस में मौजूद लोगों से वाहन निकालने के लिए रास्ता देने को कहा। इसी बात को लेकर कुछ युवकों से उनकी बहस शुरू हो गई।
बहस के बाद भीड़ ने किया हमला
पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और करीब एक दर्जन युवकों ने प्रशिक्षु डीएसपी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उनकी कार को भी निशाना बनाया गया। वाहन के शीशे तोड़ने के साथ कार में अन्य नुकसान पहुंचाया गया। मारपीट में प्रशिक्षु डीएसपी को मामूली चोटें आने की जानकारी है। घटना की सूचना पुलिस तक पहुंचते ही इलाके में हड़कंप मच गया और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय किया गया।
पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ा
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अनिल राजवाड़े, धनेश्वर राजवाड़े उर्फ धन्नू, रामदेव राजवाड़े उर्फ चुटुल, शिवशंकर राजवाड़े उर्फ शिव, नीरज राजवाड़े और मुकेश दास शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
बाकी आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल के अनुसार, घटना गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हुई थी और अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद के दौरान और कौन-कौन लोग शामिल थे ?