अहमदाबाद। आज गुजरात के खेड़ा जिले के कपडवंज में संचालित एक कथित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री की इमारत पलभर में ढह गई और उसकी आवाज दूर-दराज के गांवों तक सुनाई दी। हादसे में पांच से छह लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और दमकल विभाग राहत एवं जांच कार्य में जुटे हैं।

धमाके से हिल गया पूरा इलाका
जानकारी के अनुसार, डंपिंग स्टेशन के सामने स्थित इस फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए है। विस्फोट के कारण पूरी इमारत ध्वस्त होकर मलबे में बदल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
दमकल विभाग की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चला रही हैं। मलबा हटाकर यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति उसके नीचे तो नहीं दबा है। विस्फोट के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।

दो दिन पहले भी मिला था अवैध पटाखा कारखाना
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही खेड़ा एसओजी ने वासो गांव में एक कथित अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। ऐसे में कपडवंज में हुई यह दूसरी बड़ी घटना प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। यह भी जांच का विषय है कि आबादी वाले क्षेत्र के आसपास इस तरह की गतिविधियां आखिर कैसे संचालित हो रही थीं।

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि फैक्ट्री का संचालन किन लोगों द्वारा किया जा रहा था, क्या इसके लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति थी और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि विस्फोट के पीछे लापरवाही, नियमों की अनदेखी या किसी अन्य कारण की भूमिका रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और जिम्मेदार लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।