अतिरिक्त प्रभार से शासन को शिकायत, टेंडर और फील्ड मॉनिटरिंग पर पड़ सकता है असर

 

छत्तीसगढ़ के जल संसाधन विभाग में इन दिनों अपनों को उपकृत करने का खेल चल रहा है। यह आरोप विभाग को लेकर की गई एक शिकायत में लगाया गया है। शिकायत विभागीय सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो के उस आदेश को लेकर है, जिसमें विभाग के पांच अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार देकर उन्हें संबंधित डिवीजन का बॉस बना दिया गया। इस आदेश के बाद विभाग में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

अब इस मामले की शिकायत बड़े स्तर पर की गई है। शिकायत में कहा गया है कि विभागीय सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो के कार्यकाल में अधिकार कुछ अधिकारियों तक सीमित कर दिए गए हैं। शिकायत में स्पष्ट लिखा है कि कुछ ही अधिकारियों के पास अधिकार और प्रशासनिक पावर होने से फील्ड में मॉनिटरिंग, तकनीकी फैसले और टेंडर की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

 

इन 5 अधिकारियों के पास दोहरी जिम्मेदारी

शिकायत में विभाग के उन 5 प्रमुख अधिकारियों के नाम और पदों का जिक्र है, जिनके पास अतिरिक्त प्रभार है। आई.ए. सिद्दीकी अधीक्षण अभियंता (भूजल वृत्त) के साथ मुख्य अभियंता (मॉनिटरिंग) का चार्ज संभाल रहे हैं। मैक्सी कुजूर को ओएसडी के अलावा मुख्य अभियंता (महानदी-गोदावरी बेसिन) बनाया गया है। जनंत बिसेन कार्यपालन अभियंता (डिवीजन DD-4) होने के साथ अधीक्षण अभियंता का काम देख रहे हैं। विकास दुबे के पास कार्यपालन अभियंता (टेंडर) और अधीक्षण अभियंता (बोधी) की जिम्मेदारी है। वहीं, सुमन मिंज मुख्य अभियंता (महानदी प्रोजेक्ट) के साथ मुख्य अभियंता (इंद्रावती बेसिन) का पद भी संभाल रहे हैं।

योग्य अफसरों को नहीं मिल रहा मौका

शिकायतकर्ता का कहना है कि सवाल किसी अफसर की योग्यता का नहीं, बल्कि विभाग के कामकाज के तरीके का है। जब एक ही अधिकारी दो बड़े डिवीजन संभालता है, तो नियमित समीक्षा और मैदानी कामों की निगरानी कमजोर पड़ जाती है। इसके अलावा, लंबे समय से अतिरिक्त चार्ज की व्यवस्था चलने के कारण विभाग के दूसरे योग्य और अनुभवी इंजीनियरों को बड़ी जिम्मेदारी और नेतृत्व का मौका नहीं मिल पा रहा है। शिकायत में सचिवालय में होने वाले फैसलों की पारदर्शिता को लेकर भी आपत्ति उठाई गई है।

सीधे इन कामों पर असर

जल संसाधन विभाग प्रदेश की सिंचाई, पेयजल, उद्योगों को पानी की सप्लाई और बड़े निर्माण प्रोजेक्ट्स से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, टेंडर और मॉनिटरिंग जैसे अहम पदों पर अतिरिक्त चार्ज होने से प्रोजेक्ट्स की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।

शिकायत में की गई 4 बड़ी मांगें

  • जिन अफसरों के पास एक्स्ट्रा चार्ज है, उसकी तुरंत जांच हो और सिस्टम की समीक्षा हो।
  •  जिन पदों पर रेगुलर पोस्टिंग हो सकती है, वहां योग्य अधिकारियों की नियुक्ति की जाए।
  • अतिरिक्त चार्ज देने के कारण, समय सीमा और इसकी जरूरत की जांच हो।
  •  यह देखा जाए कि दोहरे प्रभार से टेंडर और मैदानी कामों पर क्या असर पड़ा है।