कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में PM SHRI स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर पालकों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। आज बड़ी संख्या में अभिभावकों ने डीपोपारा स्थित PM SHRI स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पालकों का आरोप है कि कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर नहीं की गई, जिससे बच्चों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है।

5 कक्षाएं, लेकिन जिम्मेदारी सिर्फ एक शिक्षक पर
प्रदर्शन कर रहे पालकों का कहना है कि पहली से पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई के लिए स्कूल में केवल दो शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें से एक शिक्षिका स्वास्थ्य कारणों से लंबे समय से नियमित रूप से स्कूल नहीं आ पा रही हैं। ऐसे में पूरे विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एक ही शिक्षिका के भरोसे चल रही है, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही।

'PM SHRI स्कूल का यह हाल, तो गांवों का क्या होगा?'
अभिभावकों ने सवाल उठाया कि यदि जिला मुख्यालय के PM SHRI स्कूल में ही शिक्षकों की इतनी कमी है, तो दूरस्थ ग्रामीण इलाकों के सरकारी स्कूलों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। उनका कहना है कि शिक्षा विभाग को इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए।image-2026-07-24T140117.885-1024x562.jpg

भर्ती और व्यवस्था सुधारने की मांग
पालकों ने मांग की है कि स्कूल में जल्द से जल्द पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की जाए और नियमित शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि बच्चों के भविष्य से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नियुक्त नहीं किए जाते और पढ़ाई की व्यवस्था सामान्य नहीं होती, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल, शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।