
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में 33 वर्षीय संतोषी का शव उसके घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया। परिजनों के मुताबिक, रक्षाबंधन पर संतोषी के मायके नहीं पहुंचने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई थी। खोजबीन के दौरान सेप्टिक टैंक में शव मिलने से मामले का खुलासा हुआ। महिला के लिव-इन पार्टनर मनोज उरांव पर उसकी हत्या कर शव छिपाने का आरोप है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, बताया जा रहा है कि आरोपी 5 सितंबर से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
बरपाली गांव में साथ रह रहे थे संतोषी और मनोज
मामला कोरबा जिले के श्यांग थाना अंतर्गत बरपाली गांव का है। जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय संतोषी आरोपी मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मनोज नशे का आदी था। आरोप है कि 27 अगस्त को उसने संतोषी के साथ मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया और संतोषी के भाइयों को गुमराह करता रहा।
रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची बहन, भाइयों ने शुरू की तलाश
मामले का खुलासा तब हुआ, जब रक्षाबंधन के मौके पर संतोषी अपने मायके नहीं पहुंची। उसके भाइयों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला मिला। वहां से दुर्गंध आने पर जब टैंक की जांच की गई, तो अंदर संतोषी का शव मिला। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में निकाला गया शव
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक से शव बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सकेगी।
5 सितंबर से फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी मनोज उरांव 5 सितंबर से फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।