बिलासपुर : रिश्तों में सुलह कराने के लिए बुलाई गई काउंसिलिंग उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया । जिला कोर्ट परिसर की एडीआर बिल्डिंग की दूसरी मंजिल स्थित मध्यस्थता केंद्र में काउंसिलिंग के दौरान सकरी बटालियन में पदस्थ हवलदार ने कथित तौर पर अपनी पत्नी से गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी । काउंसलरों ने किसी तरह बीच-बचाव कर महिला को बचाया ।

तलाक की बात पर पत्नी ने खोला राज, गुस्से में पति ने खोया आपा

फैमिली कोर्ट के अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश के आदेश पर बुधवार को हवलदार संजय जोशी और उसकी पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए काउंसिलिंग रखी गई थी। दोपहर करीब 1:30 बजे शासकीय अधिवक्ता एवं मध्यस्थ वीरेंद्र शर्मा के समक्ष दोनों पक्षों की काउंसिलिंग चल रही थी ।

इसी दौरान संजय जोशी ने पत्नी से तलाक लेने की बात कही । पत्नी ने इसका विरोध करते हुए आरोप लगाया कि पति ने बिना तलाक लिए दूसरी महिला से शादी कर ली है और उसे गुजारा भत्ता भी नहीं दिया जा रहा है । आरोप है कि यह सुनते ही संजय जोशी गुस्से में आ गया और मध्यस्थता केंद्र में ही पत्नी से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी ।

काउंसलरों ने बीच-बचाव कर महिला को बचाया

मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद काउंसलर वीरेंद्र शर्मा, विद्यासागर तिवारी और विनीता जॉर्ज ने हस्तक्षेप कर महिला को बचाया । मारपीट में महिला के बाएं कंधे पर चोट आई है । घटना के बाद पीड़िता ने डायल-112 और पुलिस को सूचना दी ।

सिविल लाइन थाने में एफआईआर, जांच शुरू

पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने हवलदार संजय जोशी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है । पुलिस मामले की जांच कर रही है ।