बिलासपुर : सीपत थाना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने ग्राम खम्हरिया में हुई लाखों रुपये की चोरी का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया । पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर का शत-प्रतिशत माल बरामद किया है । दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य कुमार लहरे (22) और जावेद अली (25), दोनों निवासी ग्राम खम्हरिया, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है । पुलिस ने आरोपियों के पास से 222.39 ग्राम सोने के जेवर और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं । इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी जब्त की गई है ।

मॉर्निंग वॉक के दौरान बनाया घर को निशाना

पुलिस के अनुसार, ग्राम खम्हरिया निवासी सुंदर लाल मैत्री 11 अगस्त की सुबह करीब 5.10 बजे अपनी पत्नी के साथ रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे । करीब 6 बजे वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के सामने का ताला टूटा हुआ था और पीछे का दरवाजा खुला था । घर के अंदर जाकर जांच करने पर आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले । इनमें सोने का हार, चूड़ियां, अंगूठियां, चैन, कान के टॉप्स, माला, झुमके सहित चांदी की पायल, बिछिया और सिक्के शामिल थे । इसके बाद पीड़ित ने सीपत थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई ।

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को मिलने के बाद तत्काल आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए गए । बिलासपुर से फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया । इसके साथ ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बीट आरक्षकों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की । जांच के दौरान पुलिस को आदित्य कुमार लहरे और जावेद अली पर संदेह हुआ । दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई । पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया ।

रेकी कर वारदात को दिया अंजाम

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पीड़ित का मकान उनके घर के आसपास होने के कारण उन्हें परिवार की गतिविधियों की जानकारी थी । दोनों ने पहले यह पता किया कि घर के लोग किस समय मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते हैं । 11 अगस्त की सुबह जैसे ही दंपती मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले, दोनों आरोपी पीछे के दरवाजे से घर में घुसे और ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए । पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने चोरी के जेवर निर्माणाधीन मकान में छिपा दिए थे । पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निर्माणाधीन मकान से चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया ।

टीम को पुरस्कार देने की घोषणा

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। चोरी का पूरा माल बरामद करने और 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने पर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है । इस कार्रवाई में सीपत थाना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।