
इंदौर। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में आज अचानक आए भूकंप के झटकों ने लोगों को चौंका दिया है। हल्की तीव्रता के बावजूद कंपन महसूस होते ही सेंधवा और आसपास के इलाकों में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ मिनटों तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई। स्थानीय लोगों ने जमीन में हल्का कंपन महसूस किया, जिसके बाद कई इलाकों में लोग सतर्क हो गए। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में इस घटना को लेकर ज्यादा चिंता देखी गई, जहां लोग सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया और अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है। फिलहाल, स्थिति सामान्य है, लेकिन प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।




