-1782555066014_v.webp)
जमुई। बिहार के जमुई जिले के झाझा में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो ताजिया समितियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते ईंट-पत्थर की बौछार में बदल गया। करीब आधे घंटे तक चली पथराव की घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण पाया। मामले में 25 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुरानी रंजिश ने बिगाड़ा माहौल
घटना झाझा के पुरानी बाजार टाउन हॉल के पास हुई। जानकारी के अनुसार, गोगाकुरा (धोबियाकुरा) और पुरानी बाजार की ताजिया समितियों के जुलूस आमने-सामने आने के दौरान किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव होने लगा। इस दौरान आसपास की दुकानों, मकानों और सड़क से गुजर रहे कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। अफरा-तफरी के बीच कई लोग घायल हो गए।
पुलिस के सामने आधे घंटे तक चला पथराव
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजेश कुमार, एडीएम, थानाध्यक्ष मिंटू सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को अलग कर हालात पर काबू पाया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट आने की भी जानकारी है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी करीब दो घंटे तक घटनास्थल पर उपस्थित रहे।
25 नामजद, 50 अज्ञात पर केस; 13 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए 25 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। देर रात से शुरू हुई छापेमारी में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार लोगों में दोनों ताजिया समितियों के लाइसेंसधारी प्रतिनिधि भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी, पुलिस की निगरानी जारी
घटना के बाद दोनों क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है ताकि दोबारा किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।