मुंबई। मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन में मंगलवार रात एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया है। चर्चगेट-नालासोपारा लोकल के फर्स्ट क्लास कोच में सफर कर रहे 21 वर्षीय मयंक लोहार की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 30 वर्षीय रोशन सुवर्णा को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच ट्रेन का दरवाजा बंद रखने को लेकर बहस हुई थी, जो कुछ ही मिनटों में हिंसक वारदात में बदल गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब तेज बारिश के कारण यात्रियों ने कोच का दरवाजा बंद रखा था। आरोप है कि रोशन सुवर्णा ने दरवाजा खोल दिया, जिससे बारिश का पानी अंदर आने लगा। मयंक ने दोबारा दरवाजा बंद कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर सहयात्रियों ने बीच-बचाव किया और दोनों को अलग-अलग कर दिया।

जांच अधिकारियों का मानना है कि इस दौरान हुई धक्का-मुक्की से आरोपी खुद को अपमानित महसूस कर रहा था। जब ट्रेन गोरेगांव और मलाड स्टेशनों के बीच पहुंची, तब उसने बैग से धारदार चाकू निकालकर मयंक पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मयंक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।

वारदात के बाद रेलवे पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए सात टीमों का गठन किया और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियां ट्रैक की गईं और उसे पनवेल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कर्नाटक स्थित अपने गृह जिले भागने की तैयारी में था। पूछताछ में उसने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू उसने पहले ऑनलाइन खरीदा था। हालांकि, हथियार अब तक बरामद नहीं हो सका है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था या नहीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन में सवार होने से पहले उसका एक ऑटो चालक से भी विवाद हुआ था। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।