
मुंगेली : जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर अपहरण, मारपीट और गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने पहले छात्रा को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की और धमकाया। इसके बाद उसे नशीला इंजेक्शन लगाकर एक मकान में ले जाया गया, जहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता की बड़ी बहन की शिकायत पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 29 सितंबर की शाम नाबालिग अपनी सहेली के घर से लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में साहिल यादव और प्रहलाद धुरी ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बेल्ट से उसकी पिटाई की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने छात्रा को 500 रुपये देकर घटना के बारे में किसी को नहीं बताने की धमकी दी। घटना से डरी छात्रा घर लौटने के बजाय बस में बैठकर रतनपुर चली गई। वहां एक महिला ने उसे सहारा दिया। अगले दिन वह घर लौटने के लिए निकली और सकरी से बस बदलकर बरेला पहुंची।
अगले दिन फिर आरोपियों ने पकड़ा, मकान में ले जाकर लगाया इंजेक्शन
शिकायत के अनुसार, 30 सितंबर की शाम करीब 5 बजे बरेला में दोनों आरोपियों ने छात्रा को फिर पकड़ लिया और एक मकान में ले गए। आरोप है कि वहां जबरदस्ती नशीला इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद छात्रा बेसुध हो गई। होश आने पर उसने खुद को असहाय स्थिति में पाया। शिकायत में दोनों आरोपियों पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता के शरीर पर चोटों के निशान भी पाए गए।
घर पहुंचकर बताई पूरी घटना
किसी तरह पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद बड़ी बहन उसे लेकर जरहागांव थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। जरहागांव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 70(2), 65(1), 137(2), 351(3), 115(2), 296 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।