रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम ने नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लिंकिट के एक कार्यालय को सील कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, भवन में आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि भवन पूरी तरह तैयार नहीं था, इसके बावजूद वहां नियमित रूप से कामकाज चल रहा था। साथ ही फायर सेफ्टी से जुड़े जरूरी इंतजाम भी पर्याप्त नहीं मिले है, जिससे किसी आपात स्थिति में जोखिम बढ़ सकता था।

नगर निगम को परिसर को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में सड़क पर कर्मचारियों और वाहनों की पार्किंग से यातायात बाधित होने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां भवन उपयोग और सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आने पर कार्यालय को तत्काल सील कर दिया गया है।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में संचालित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था और वैधानिक अनुमतियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। जिन संस्थानों में नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि की आशंका को रोका जा सके।