रायपुर। राजधानी रायपुर के गोंदवारा स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 31 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने युवक के शरीर पर चोट के निशान होने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

इलाज के लिए भर्ती कराया था, देर रात बिगड़ी तबीयत
पुलिस के अनुसार, मृतक 31 वर्षीय प्रदीप गिरी गोस्वामी, निवासी धरसीवां, लंबे समय से शराब की लत से जूझ रहा था। परिजनों ने उसे नशा छुड़ाने के उद्देश्य से 21 जून को गोंदवारा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। बताया गया कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) भेज दिया।

परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल
मृतक के पिता का आरोप है कि प्रदीप के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे उन्हें मौत संदिग्ध लग रही है। उनका कहना है कि यदि जांच में मारपीट, लापरवाही या किसी प्रकार की प्रताड़ना सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
खमतराई थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की मारपीट के स्पष्ट साक्ष्य सामने नहीं आए हैं, लेकिन मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिस नशा मुक्ति केंद्र में प्रदीप भर्ती था, वहां पहले भी मारपीट से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं। इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है।

निगरानी व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि प्रदीप की शादी पिछले वर्ष हुई थी। हाल के वर्षों में प्रदेश के कुछ नशा मुक्ति केंद्रों में इलाज के दौरान मौत और कथित हिंसा की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में इस घटना ने नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।