रायपुर: नया रायपुर स्थित IIIT परिसर में चोरी की बड़ी वारदात ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शातिर चोर हॉस्टल में काम का बहाना बनाकर अंदर घुसे और छात्रों के परीक्षा देने बाहर जाने का फायदा उठाते हुए करीब 15 लैपटॉप चोरी कर फरार हो गए। घटना के सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गई है। मामला राखी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, वारदात उस समय हुई जब अधिकांश छात्र परीक्षा देने गए हुए थे। इसी दौरान संदिग्ध युवक परिसर में दाखिल हुए और हॉस्टल के कमरों को निशाना बनाया। चोरी की पूरी घटना परिसर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिसमें संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। छात्रों ने आरोप लगाया है कि संस्थान में बाहरी लोगों की एंट्री को लेकर पर्याप्त निगरानी नहीं होने के कारण यह घटना संभव हो पाई।

घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान प्रबंधन ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। राखी थाना पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। वहीं छात्रों ने हॉस्टल और कैंपस की सुरक्षा बढ़ाने, एंट्री सिस्टम सख्त करने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा प्रबंधन को लेकर बहस छेड़ दी है।