अनुगुल। ओडिशा के नयागढ़ जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को झकझोर कर रख दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-57 पर तकरा घाटी के पास यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर चट्टान से टकराई और पलट गई, जिसमें चालक समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि यह बस बरहमपुर से हरिशंकर जा रही थी और इसमें करीब 60 यात्री सवार थे। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों में हरि पात्रा, लक्ष्मी पात्रा, सुप्रभा साहू, सुमति साहू और चालक प्रबीन साहू शामिल हैं।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 10 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज दासपल्ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों के इलाज की निगरानी की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और घाटी क्षेत्र की खतरनाक सड़क को माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और ट्रैफिक नियंत्रण सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
-1774678661481_v.webp)



