
सरगुजा में जमीन आवंटित होने के बाद अटका प्रोजेक्ट, सिर्फ बिलासपुर में चल रही विस्तार की प्रक्रिया
रायपुर। एम्स की तर्ज पर प्रदेश के पांचों संभागीय मुख्यालयों में छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (सिम्स) स्थापित करने की योजना तीन साल बाद भी पूरी तरह जमीन पर नहीं उतर सकी है। जनवरी 2024 में इस योजना की घोषणा की गई थी। बावजूद इसके बस्तर, दुर्ग और रायपुर संभाग में अब तक कोई निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। सरगुजा में जमीन आवंटित हो गई, पर आगे का काम वहीं रुका हुआ है। फिलहाल पूरी कवायद बिलासपुर संभाग तक ही सिमटी नजर आ रही है।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे शहरों की दौड़ न लगानी पड़े और स्वास्थ्य सुविधाओं का विकेंद्रीकरण हो सके, इसी मकसद से यह योजना बनाई गई थी। फरवरी 2024 के बजट में अंबिकापुर के सिम्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए बकायदा 50 करोड़ रुपए का प्रावधान भी किया गया।
तीन संभागों में शुरुआत नहीं, सरगुजा में जमीन तक बात
संभागवार स्थिति पर नजर डालें तो बस्तर, दुर्ग और रायपुर संभाग में नए सिम्स की स्थापना को लेकर जमीनी स्तर पर प्रगति शून्य है। इन तीनों जगहों पर अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में बजट प्रावधान के बाद प्रशासन ने ग्राम मेंड्राकला में करीब 8 हेक्टेयर जमीन आवंटित की है, लेकिन जमीन मिलने के बाद आगे का काम रुका हुआ है।
बिलासपुर में कोनी की 40 एकड़ जमीन पर विस्तार
पांचों संभागों में केवल बिलासपुर ही ऐसा है, जहां वर्ष 2001 से सिम्स संचालित हो रहा है। इसे आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस करने के लिए कोनी में करीब 40 एकड़ जमीन आरक्षित की गई है। यहां सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भवन का लोकार्पण भी हो चुका है। नए परिसर और अन्य प्रस्तावित सुविधाओं का विकास अभी प्रक्रियाधीन है।
संभाग स्तर पर मिलनी थीं विशेषज्ञ इलाज और शोध की सुविधाएं
इस योजना का मकसद सिर्फ अस्पताल भवन खड़ा करना नहीं था, बल्कि संभाग स्तर पर सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा और शोध का नेटवर्क तैयार करना था। इसके तहत कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और कैंसर उपचार जैसी विशेषज्ञ सेवाएं संभाग मुख्यालय पर ही मिलनी थीं।
आधुनिक जांच और उपकरणों के तौर पर हाई-एंड सीटी स्कैन, आधुनिक एमआरआई, कैथ लैब, डायलिसिस, ट्रॉमा सेंटर और जटिल सर्जरी की सुविधा प्रस्तावित थी। इसके अलावा एमबीबीएस और पीजी के साथ सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों की सीटें बढ़ने से स्थानीय युवाओं को विशेषज्ञ डॉक्टर बनने का अवसर मिलता। इससे सिकल सेल और मलेरिया जैसी क्षेत्रीय बीमारियों पर शोध को भी गति मिलनी थी।
मेडिकल कॉलेज और अस्पताल लिंक हो रहे : आयुक्त
चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त रितेश कुमार अग्रवाल ने संबंधित जगहों पर चल रहे काम को लेकर विभाग का पक्ष रखा। उन्होंने कहा, "बिलासपुर में सिम्स है, और बाकी जगहों पर काम चल रहा है। जिसमें मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटलों को लिंक करने का काम किया जा रहा है।"