बिलासपुर : तोरवा थाना क्षेत्र की आरपीएफ कॉलोनी के पास  रेलवे साइट पर चौकीदार की हत्या के मामले का बिलासपुर पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। बजरंग कंस्ट्रक्शन की साइट पर चौकीदार का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम, स्निफर डॉग, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस नाबालिग आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह मृतक और आरोपी के बीच रास्ते में पीछे चलने और पीछा करने की बात को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। हालांकि पुलिस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

दो दिन पहले हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब दो दिन पहले इलाके में आया था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मृतक से पीछे चलने और पीछा करने की बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच गाली-गलौज भी हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन बाद में यही विवाद गंभीर वारदात में बदल गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले दोनों के बीच दोबारा किस बात को लेकर विवाद हुआ और घटना के समय मौके पर क्या परिस्थितियां थीं।

सुबह मिली चौकीदार की लाश

सुबह रेलवे साइट पर चौकीदार के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा स्निफर डॉग की मदद से घटनास्थल और आसपास के इलाके में भी सुराग तलाशे गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति हाथ में हथौड़े जैसी भारी वस्तु लेकर घर के भीतर जाता दिखाई दिया। उसके अंदर जाने के बाद चीखने की आवाज सुनाई देने की बात भी जांच में सामने आई।

सीसीटीवी ने खोला हत्या का राज

सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग पुलिस की जांच में अहम साबित हुए। फुटेज के साथ घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी को जोड़ते हुए पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया।

बिहार का रहने वाला था मृतक

मृतक की पहचान नरेश कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। वे बिहार के आरा जिले के सोनभठा गांव के रहने वाला था और पिछले करीब दो वर्षो से बिलासपुर में रह रहा था। बजरंग कंस्ट्रक्शन के लिए वे सुपरवाइजर के साथ चौकीदारी का काम भी करता था। रेलवे साइट पर उनकी हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की।

हथौड़े समेत अन्य साक्ष्यों की जांच

पुलिस ने नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथौड़े समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े घटनाक्रम को कड़ियों में जोड़ने के साथ यह भी पता लगा रही है कि हत्या के पीछे पीछा करने को लेकर हुआ विवाद ही मुख्य वजह था या कोई अन्य कारण भी इसमें शामिल था।

फिलहाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा कुछ ही घंटों में हो गया है। अब जांच का फोकस हत्या की पूरी परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को स्पष्ट करने पर है।