बिलासपुर : सकरी थाना क्षेत्र से लगे ग्राम पेंडारी में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मुरूम खदान में बने तालाब में एक महिला का शव पानी में तैरता मिला। शव दिखाई देने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घटना की सूचना सकरी पुलिस को दी गई।

ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

पेंडारी स्थित मुरूम खदान के तालाब में कुछ ग्रामीणों ने पानी के ऊपर महिला का शव देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद सकरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाल कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में उसके संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला तालाब तक कैसे पहुंची।

पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगा मौत का कारण

महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। महिला की पहचान होने के बाद जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना को लेकर गांव और आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहती।