पेंड्रा: छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के सहारे चल रहे कोयला कारोबार का खुलासा किया है। देर रात चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान विभागीय टीम ने कोटमी अड़भार क्षेत्र में दो ट्रेलर वाहनों को रोककर जांच की, जहां दस्तावेजों और वास्तविक लोडिंग स्थल में भारी गड़बड़ी सामने आई। कार्रवाई के बाद दोनों ट्रेलरों को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने सर्वे अभियान के दौरान कोयले से भरे ट्रेलर क्रमांक MP19ZF2103 और MP18ZF2118 को जांच के लिए रोका। ई-ट्रांजिट पास में कोयला लोडिंग स्थल बिलासपुर जिले के रतनपुर स्थित “माँ तारा ट्रेडर्स” दर्ज था, लेकिन पूछताछ में वाहन चालकों ने स्वीकार किया कि कोयला वास्तव में कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र से लोड किया गया था। इस खुलासे के बाद विभाग ने दस्तावेजों को संदिग्ध मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।