
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे से निकलकर पटरी पार करने की कोशिश कर रहे एक अधेड़ की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे राजकीय पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी कुछ समय से स्टेशन पर खड़ी थी। इसी दौरान करीब 55 वर्षीय व्यक्ति ने फुटओवर ब्रिज या निर्धारित मार्ग का उपयोग करने के बजाय शॉर्टकट अपनाते हुए मालगाड़ी के नीचे से निकलने का प्रयास किया। तभी अचानक ट्रेन को सिग्नल मिल गया और वह चल पड़ी। इससे पहले कि वह बाहर निकल पाता, वह पहियों की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल जीआरपी को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य दस्तावेज नहीं मिले, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। जीआरपी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष है और हादसे के समय उसने नीले रंग के कपड़े पहन रखे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।