
अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जौंदी में आयोजित ग्रामसभा उस समय विवाद में बदल गई, जब प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची को लेकर हुई बहस के बाद उपसरपंच के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई है। उपसरपंच पोखन लाल यदु ने गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए सरपंच के पुत्र समेत कई लोगों पर हमला करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
आवास योजना की सूची बनी विवाद की वजह
शिकायत के मुताबिक, 24 जून को पंचायत भवन में आयोजित आमसभा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की सूची पर चर्चा चल रही थी। बताया गया कि सूची में 169 नाम शामिल थे, जबकि कई ग्रामीणों का दावा था कि पात्र होने के बावजूद करीब 120 लोगों के नाम सूची में नहीं आए। इसी मुद्दे को लेकर बैठक का माहौल गर्म हो गया।
सभा खत्म होते ही मारपीट का आरोप
उपसरपंच पोखन लाल यदु का आरोप है कि चर्चा के दौरान कुछ लोगों ने उनके खिलाफ माहौल बनाया। उनका कहना है कि सभा समाप्त होने के बाद टोमन लाल साहू ने कथित रूप से उनका कॉलर पकड़कर उन्हें पंचायत भवन के बाहर ले गया, जहां पहले से मौजूद कई लोगों ने उनके साथ मारपीट की। शिकायत में चिंतामणि, टोमन साहू, मिथलेश साहू, अलखराम साहू, बैतल साहू, लेखराम साहू, प्रहलाद साहू और एस. कुमार सहित अन्य लोगों के नाम भी दर्ज कराए गए हैं।
कपड़े फाड़ने और बाइक गिराने का भी आरोप
उपसरपंच ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उनकी मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया गया। उनका कहना है कि इस पूरी घटना का वीडियो एक ग्रामीण चेतन साहू ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया है। घटना में उनके जबड़े में चोट आई है और वे लगातार दर्द की शिकायत कर रहे हैं।
पहले भी विवाद होने का दावा
पोखन लाल यदु ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि पंचायत की पूर्व बैठकों में भी उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की कोशिश की गई थी। इस बार हुई घटना के बाद उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।