रायपुर। राजधानी रायपुर में एक व्यापारी को चांदी के सिक्कों के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया। शातिर ठगों ने पहले असली सिक्के दिखाकर भरोसा जीता और फिर नकली सिक्कों की पोटली देकर करीब 5 लाख रुपये नकद और सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सस्ते चांदी के लालच में फंस गया व्यापारी

यह मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित मुरली केसरवानी, जो अमलीडीह इलाके के निवासी हैं, से आरोपियों ने संपर्क कर दावा किया कि उनके पास पुराने चांदी के सिक्कों का बड़ा स्टॉक है। आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए शुरुआत में कुछ असली चांदी के सिक्के दिखाए, जिससे व्यापारी को सौदे पर विश्वास हो गया।

कैश और सोना लेकर मौके से फरार

आरोपी अमर कुमार और उसके साथियों ने बाजार कीमत से कम दर पर चांदी देने का लालच दिया। सौदा तय होने के बाद मुलाकात के दौरान व्यापारी ने उन्हें करीब 5 लाख रुपये नकद और कुछ सोने के आभूषण सौंप दिए। जैसे ही पैसे और जेवरात उनके हाथ लगे, आरोपी मौके से जल्दी में निकल गए।

सिक्कों की जांच में खुली ठगी

आरोपियों के जाने के बाद जब पीड़ित ने सिक्कों की पोटली खोलकर जांच की, तो पता चला कि ऊपर रखे कुछ सिक्कों को छोड़कर बाकी सभी सस्ती धातु के नकली सिक्के थे। खुद को ठगा महसूस करने के बाद व्यापारी ने तुरंत न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

पुलिस ने आरोपी अमर कुमार और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच के तहत पुलिस अमलीडीह और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।