
रायपुर: राजधानी Raipur के ग्रामीण इलाके में पुलिस ने हाई-प्रोफाइल जुआ नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभनपुर थाना क्षेत्र में खेतों के बीच संचालित हो रहे इस अवैध जुआ अड्डे पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई अन्य मौके से फरार हो गए। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर-धमतरी सीमा के पास ग्राम टोकरो क्षेत्र में सुनियोजित तरीके से जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर मौजूद जुआरी घबरा गए और अंधेरे व खेतों का फायदा उठाकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दो लोगों को मौके से पकड़ लिया।
रेड के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी और लग्जरी सामान जब्त किया है। मौके से करीब 6.34 लाख रुपये नगद, एक मर्सिडीज कार, दो आईफोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री बरामद हुई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 42 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है, जो इस पूरे नेटवर्क के हाई-प्रोफाइल होने की ओर इशारा करती है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के संगठित जुआ नेटवर्क पर सख्ती जारी रहेगी और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।




