
नया रायपुर । राजधानी रायपुर के सबसे सुरक्षित और वीआईपी माने जाने वाले इलाके 'नया रायपुर' स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) में सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ गई हैं। जिस वक्त छात्र अपना भविष्य संवारने के लिए कॉलेज के परीक्षा हॉल में पसीना बहा रहे थे, ठीक उसी वक्त एक शातिर चोर उनके हॉस्टल के कमरों पर हाथ साफ कर रहा था। हॉस्टल से एक-दो नहीं, बल्कि एक साथ 15 लैपटॉप चोरी होने की इस सनसनीखेज वारदात ने संस्थान के कड़े सुरक्षा दावों को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है।
मजदूर बनकर घुसा और कर दिया बड़ा खेला
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी वारदात बेहद सुनियोजित थी और शातिर चोर ने बड़े ही इत्मीनान से इसे अंजाम दिया। चोर ने हॉस्टल कैंपस में एंट्री लेने के लिए 'मेंटेनेंस के काम' का बहाना बनाया। चूंकि सभी छात्र एग्जाम देने के लिए कॉलेज गए हुए थे, इसलिए हॉस्टल के गलियारे पूरी तरह से सूने थे। इसी सन्नाटे का फायदा उठाकर इस शातिर ने एक के बाद एक कई कमरों को अपना निशाना बनाया और 15 कीमती लैपटॉप बैग में भरकर आसानी से रफूचक्कर हो गया।
छात्रों को दोहरा झटका: मेहनत और डेटा दोनों चोरी
इंजीनियरिंग और आईटी की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए उनका लैपटॉप महज एक मशीन नहीं, बल्कि उनकी सालों की मेहनत का 'बैंक' होता है। एग्जाम के बीचों-बीच लैपटॉप चोरी होने से छात्रों को भारी मानसिक आघात लगा है। इन लैपटॉप्स में उनके जरूरी प्रोजेक्ट्स, असाइनमेंट, रिसर्च डेटा और एग्जाम के नोट्स थे। परीक्षा के तनाव के बीच इस घटना ने छात्रों को दोहरे संकट में डाल दिया है।
CCTV में कैद हुआ शातिर, पुलिस की तलाश तेज
इस दुस्साहसिक वारदात का पता चलते ही IIIT प्रबंधन में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि इस अज्ञात चोर की करतूत हॉस्टल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध शख्स हॉस्टल के अंदर घूमता और वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है। पीड़ित छात्रों और कॉलेज प्रबंधन की ओर से राखी थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर चोर की तलाश शुरू कर दी है।
प्रबंधन की सुरक्षा पर खड़े हुए बड़े सवाल
एक राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थान में हुई इस चोरी ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं:
- इतनी हाई-टेक सिक्योरिटी और गार्ड्स की मौजूदगी में एक अनजान शख्स हॉस्टल के कमरों तक कैसे पहुंच गया?
- क्या मुख्य गेट पर विजिटर रजिस्टर में उसकी एंट्री की गई थी या बिना किसी रोक-टोक के उसे अंदर जाने दिया गया?
- जब 15 कमरों के ताले टूटे या खोले गए, तब हॉस्टल वार्डन और वहां तैनात सुरक्षाकर्मी कहां थे?