रायपुर: Raipur में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। राजधानी के टिकरापारा इलाके में बदमाशों ने एक युवक को अगवा जैसी स्थिति में बंधक बनाकर उससे जबरन एटीएम से पैसे निकलवा लिए। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट करते हुए उसके खाते से 10 हजार रुपए निकलवाए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, कुशालपुर निवासी विशाल सोनकर निजी कंपनी में काम करता है। वह 8 मई की रात टिकरापारा से शंकरनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान साहू भवन के पास स्थित एक पान ठेले के पास उसकी मुलाकात विशाल बृजवानी उर्फ दीनू और उसके दो साथियों से हुई। आरोप है कि बदमाशों ने बिना किसी विवाद के युवक से गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद तीनों आरोपी युवक को जबरदस्ती उसकी ही मोपेड पर बैठाकर पास के एटीएम तक ले गए।

पीड़ित के मुताबिक, एटीएम के अंदर भी उसके साथ मारपीट की गई और डराकर खाते से 10 हजार रुपए निकलवाए गए। रकम लेने के बाद आरोपी युवक को वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित सीधे Tikrapara Police थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसका नाम 5 से अधिक अपराधों में जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। आरोपी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस कमिश्नर को उसके खिलाफ जिला बदर की अनुशंसा भी भेजी गई है। फिलहाल पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।