
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में दो साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती दौर में बच्ची की मौत को सामान्य बीमारी से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की दिशा बदल दी है। रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, बच्ची की मौत जमीन पर पटकने से होने की बात सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने बच्ची के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जीआरपी अब आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई थी बच्ची की मौत
जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर को रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में फुटपाथ पर रहने वाली 25 वर्षीय महिला की करीब दो साल की बच्ची की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इसके बाद परिजन बच्ची को उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची का इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद दोपहर करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई।
शुरुआत में बच्ची की मौत सामान्य बीमारी के कारण होना प्रतीत हो रहा था। उस समय परिजनों की ओर से भी किसी तरह की आशंका या शिकायत जाहिर नहीं की गई थी। अस्पताल से बच्ची की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन शव लेकर वहां से चले गए थे।
परिजनों ने जताया संदेह, पोस्टमार्टम की उठाई मांग
बच्ची की मौत के बाद कुछ समय बीतने पर परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए सवाल उठाए। इसके बाद वे जीआरपी थाने पहुंचे और बच्ची की मौत की वास्तविक वजह सामने लाने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
परिजनों के आवेदन के बाद जीआरपी ने कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शुक्रवार को बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई, जबकि बच्ची की मौत जमीन पर पटकने से होने की बात सामने आई है।
पिता हिरासत में, हत्या की धाराओं में कार्रवाई की तैयारी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। बच्ची के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जीआरपी आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची के साथ घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें पिता की क्या भूमिका रही। घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और बच्ची को अस्पताल पहुंचाने से पहले क्या हुआ था, इन तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है।
बीमारी समझी जा रही मौत ने लिया गंभीर अपराध का रूप
रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में हुई इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस बच्ची की मौत को शुरुआत में बीमारी से जोड़कर देखा जा रहा था, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामला हत्या की आशंका तक पहुंच गया है। हालांकि, पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।