बिलासपुर : रेलवे में नौकरी की आड़ में महिला कर्मचारी पर कथित दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। बिलासपुर रेल मंडल के कंस्ट्रक्शन विभाग में पदस्थ इलेक्ट्रिक इंजीनियर रुखमैया मीणा के खिलाफ एक महिला कर्मचारी ने यौन संबंध बनाने का दबाव डालने और विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला के आरोपों के सामने आने के बाद रेलवे विभाग में भी यह मामला चर्चा में है। पीड़िता ने पुलिस तक पहुंचने से पहले रेल मंत्री, राज्य महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।

पद का दबाव बनाकर परेशान करने का आरोप

शिकायत के अनुसार महिला प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में काम करती है। महिला का आरोप है कि विभाग में पदस्थ अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उस पर यौन संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। महिला ने जब इसका विरोध किया तो उसे नौकरी से निकलवाने की धमकी दी जाने लगी। नौकरी जाने के डर और कथित दबाव से परेशान महिला ने मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की। महिला ने अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अलग-अलग स्तरों पर अपनी शिकायत पहुंचाई।

रेल मंत्री और महिला आयोग तक पहुंची शिकायत

महिला ने मामले को लेकर रेल मंत्री, राज्य महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी। शिकायत के बाद मामले की जांच जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद अब तोरवा थाना पुलिस ने भी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।