बिलासपुर। कहते है सत्ता और कुर्सी का गुरूर जब सर चढ़ जाता है तो नियम-कानून सब दरकिनार हो जाते हैं। ऐसा ही वाकया आजकल रतनपुर मे देखने को मिल रहा है।  बिलासपुर की धार्मिक नगरी रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप के खिलाफ फिर दबंगई का एक मामला प्रकाश में आया है। बता दें कि उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और चपोरा आश्रम की साध्वी से जुड़े पुराने मामले की चर्चा अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि अब लवकुश के खिलाफ नया मामला सामने आ गया है। इस बार अध्यक्ष पर एक महिला की जमीन से लगी सरकारी जमीन पर जबरन कब्जा करने और महिला को टोनही बोलकर प्रताड़ित करने का आरोप लगा है।

थक-हारकर पीड़िता विमला कश्यप (वार्ड नंबर 8, भेड़ीमुड़ा, रतनपुर) ने बिलासपुर एसपी के पास पहुंचकर न्याय की माँग की है। 

 

सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर बेजा कब्जा

एसपी को सौंपे ज्ञापन में विमला कश्यप ने उनकी खानदानी जमीन (खसरा नंबर 3938, कुल रकबा 1.0960) भेड़ीमुड़ा में है। इस जमीन पर उनके पूर्वज पिछले 80-90 सालों से खेती-किसानी करते आ रहे हैं। यह बात पूरा क्षेत्र जानता है। लेकिन भाजपा नेता लवकुश कश्यप की नजर अब इस जमीन से लगी सरकारी भूमि पर पड़ गई है।

आरोप है कि लवकुश अधिकारियों से मिलकर और अपने पद का बेजा फायदा उठाते हुए उस सरकारी जमीन को अपनी बता रहे हैं। लवकुश ने अपने रसूख और दबंगई के बल पर जमीन जेसीबी चलवा रहे है। ताकि जमीन पर कब्जा किया जा सके। 

मना करने पर टोनही कहा और दी गालियां

विमला कश्यप ने बताया कि जब उन्होंने इस अवैध निर्माण का विरोध किया, तो लवकुश कश्यप ने सरेआम गुंडागर्दी की और महिला को सरेआम गंदी गालियां गालियां दीं। इतना ही नहीं, छत्तीसगढ़ में टोनही प्रताड़ना अधिनियम के लागू होने के बावजूद नेतागिरी के दम पर विमला को 'टोनही' कहकर अपमानित किया और मारपीट करने की धमकी भी दी।

थाने में नहीं हुई सुनवाई, हौसले बुलंद

पीड़िता ने कहा कि उसने पहले भी रतनपुर थाने में कई बार मामले की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई मदद नहीं की। स्थानीय पुलिस की इस चुप्पी से अध्यक्ष लवकुश के हौसले और ज्यादा बुलंद हो गए हैं।

साध्वी विवाद और पुराना क्रिमिनल इतिहास

लवकुश कश्यप के लिए विवाद और पुलिस थाने कोई नई बात नहीं है। रतनपुर में उनका पुराना क्राइम इतिहास रहा है। इससे पहले एक साध्वी से जुड़ा गंभीर मामला भी काफी गरमाया था, जिसमें लवकुश कश्यप का नाम उछला था। उस पुराने मामले को लेकर भी उनकी काफी किरकिरी हुई थी। अब एक महिला को टोनही कहने और सरकारी जमीन पर कब्जा करने का यह नया मामला उनके पुराने कारनामों की लिस्ट में और जुड़ गया है।

अब देखना यह है कि एसपी से लिखित शिकायत के बाद बिलासपुर पुलिस इस रसूखदार अध्यक्ष पर क्या एक्शन लेती है, या फिर पद और पहुंच के आगे एक बार फिर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।