
बिलासपुर : साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग ने रेंज के साइबर थानों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली । बैठक में साइबर थानों के नोडल अधिकारी, थाना प्रभारी और साइबर सेल प्रभारी मौजूद रहे ।
हर थाने को रोजाना साइबर पोर्टल पर करना होगा लॉगिन
आईजी ने निर्देश दिए कि केवल साइबर थाने ही नहीं, बल्कि रेंज के सभी सामान्य थाने भी रोजाना नेशनल साइबर अपराध पोर्टल पर लॉगिन करेंगे । पोर्टल पर मिलने वाली शिकायतों को उसी दिन स्वीकार कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए । लंबित शिकायतों और एफआईआर के मामलों का तेजी से निराकरण करने पर भी जोर दिया गया ।
फर्जी सिम बेचने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक में फर्जी और संदिग्ध सिम सक्रिय करने वाले पीओएस एजेंटों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए । पुलिस मुख्यालय से मिले म्यूल बैंक खातों की सूची के आधार पर भी तत्काल कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट भेजने को कहा गया ।
पीड़ितों को जल्द लौटाई जाएगी ठगी की रकम
साइबर ठगी के मामलों में बैंकों द्वारा होल्ड की गई राशि को पीड़ितों के खातों में जल्द वापस कराने के निर्देश दिए गए । 15 दिन से अधिक पुराने बैंक होल्ड मामलों में विशेष प्राथमिकता से कार्रवाई करने तथा धारा 106 के तहत न्यायालयीन प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया । पुलिस स्तर पर बैंक संबंधी अनुरोध लंबित नहीं रखने के निर्देश भी दिए गए ।
मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया खातों की होगी ब्लॉकिंग
ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, आईपी एड्रेस, व्हाट्सऐप और टेलीग्राम खातों को प्राथमिकता के आधार पर ब्लॉक कराया जाएगा । इसकी मासिक प्रगति रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं ।
समन्वय पोर्टल पर अपराधियों का डेटा होगा अपलोड
गिरफ्तार साइबर अपराधियों का पूरा विवरण, फिंगरप्रिंट और एफआईआर की स्थिति समन्वय पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है । वहीं, पंजीकृत साइबर वालंटियर्स का सत्यापन जल्द पूरा कर उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए । आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक और त्वरित पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जा रही है । सभी अधिकारी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें, ताकि साइबर अपराधों के मामलों का जल्द निराकरण हो और पीड़ितों को सीधे राहत मिल सके ।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे, उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा, रेंज साइबर थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे ।