
दिल्ली : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन की तैयारी कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के तीन नेताओं की मुचलके की शर्तों पर रिहाई हो गई है। अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की अदालत ने सशर्त रिहा किया है। तीनों से एक साल तक शांति भंग नहीं करने का बांड भरवाया गया है। साथ ही, जंतर-मंतर जाने पर भी रोक लगाई गई है। अदालत की ओर से लगाई गई शर्तों का पालन करना अनिवार्य है।
विमान से उतरने से पहले हिरासत, फिर अदालत से सशर्त रिहाई
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के कारण पुलिस ने वहां प्रदर्शनकारियों के जुटने पर रोक लगा दी थी। इसी बीच 10 अक्टूबर को सीजेपी के अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को विमान से उतरने से पहले ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की। रविवार सुबह तीनों को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें मुचलका भरवाने और निर्धारित शर्तों के साथ रिहा कर दिया गया।